

कुशीनगर/तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाज़ा के पास शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जहाँ दिल्ली से सुपौल जा रही एक ओवरलोड लग्ज़री बस ने अनियंत्रित होकर दो लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि चाचा और भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पड़ोसी राज्य बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लग्ज़री बस तेज़ रफ़्तार में टोल पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस कई मीटर घिसटती चली गई। घटना के तुरंत बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर ग़ुस्से में उबल पड़े और मृतकों के लिए न्याय तथा मुआवज़े की मांग को लेकर एनएच-28 पर जाम लगा दिया। जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा भी किया।
सूचना पर पहुँची तरयासुजान थाना पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया, शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा और ओवरलोड लग्ज़री बस को कब्ज़े में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बस ऑपरेटर व ड्राइवर के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी तथा सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
फिलहाल हाईवे पर यातायात फिर से बहाल कर दिया गया है, लेकिन हादसे के बाद से स्थानीय लोग ओवरलोड और बेलगाम बसों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।



