

कुशीनगर। तरया सुजान थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघा चौक स्थित नोनिया पट्टी में रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सत्येंद्र सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता – सुरेंद्र सिंह निवासी स्थानीय क्षेत्र, अपने घर के पास टहल रहे थे, तभी तेज़ रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा मुन्ना सिंह के घर के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार काफी तेज रफ्तार में था और टक्कर के बाद बिना रुके बाइक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल सत्येंद्र सिंह को सड़क किनारे संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तरया सुजान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बाइक और आरोपी की पहचान लगभग हो चुकी है, जिसके आधार पर फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं घायल सत्येंद्र सिंह का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति परिजनों के अनुसार फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोग घटना वाली सड़क पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों और बिना हेलमेट बाइक सवारों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़े पुलिस एक्शन की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

