
26 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे गौरव, गरिमा और देशभक्ति के जोश के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह का नेतृत्व विंग कमांडर आलोक सक्सेना, अपर प्राधिकारी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कुशीनगर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, बलिदान और संविधान के प्रति निष्ठा की भावना हर क्षण झलकती रही।
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री बंदिता श्रीवास्तव, अपर जिला जज विजय कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर जफर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीदों को नमन कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर समाज के प्रति उनके योगदान को नमन किया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार द्वारा शहीद विधवा श्रीमती धर्मशीला देवी (पत्नी स्व. सिपाही संतोष यादव) को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने भावुक क्षणों के साथ सराहा। यह सम्मान न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक रहा।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से श्रीमती शशि राय (पुत्री स्व. रामायण राय), वीरता पुरस्कार विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार के पिता सत्यपाल जायसवाल, मेजर (डॉ.) महेश बरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन डी.एस. पांडेय, कैप्टन शमशुद्दीन, अनिल सिंह, एस.पी. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में संविधान की रक्षा, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय के कर्मचारी प्रभाकर नाथ तिवारी (कनिष्ठ सहायक), राजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। कुल मिलाकर यह समारोह न केवल एक औपचारिक आयोजन रहा, बल्कि देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति सम्मान, गर्व और प्रेरणा का सशक्त संदेश बनकर उभरा।















