

19 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर जनपद में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की लक्ष्यपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम और निर्णायक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उद्योग स्थापना से जुड़े विभागों की विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए डीएम ने जहां सुस्त रवैये पर नाराजगी जताई, वहीं लक्ष्यपूर्ति के लिए स्पष्ट और कड़े निर्देश भी जारी किए।
समीक्षा के दौरान कृषि विभाग को आवंटित 10 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष कोई ठोस प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जनपद की कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था को देखते हुए कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि निवेशकों को जमीन पर लाने के लिए सक्रिय प्रयास करें।
आयुष विभाग के 100 करोड़ रुपये के लक्ष्य की समीक्षा में यह सामने आया कि जनपद में मात्र दो फार्मेसी संचालित हैं। इस पर डीएम ने लक्ष्य को यथार्थपरक ढंग से पुनर्निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाएं धरातल पर उतर सकें और वास्तविक निवेश को बढ़ावा मिले।
गन्ना विभाग द्वारा कप्तानगंज क्षेत्र में प्रस्तावित एथनॉल फैक्ट्री की जानकारी दी गई, लेकिन अन्य प्रगति नगण्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने पूर्व में गोरखपुर के एक व्यवसायी से हुई वार्ता का हवाला देते हुए जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि उन्हें पुनः संपर्क कर उद्योग स्थापना हेतु ठोस सहमति प्राप्त की जाए।
इसके अतिरिक्त को-ऑपरेटिव, अतिरिक्त ऊर्जा, मेडिकल एजुकेशन, वन विभाग, जीएसटी, हैंडलूम एवं टेक्सटाइल्स, उद्यान, बैंकर्स, माध्यमिक शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों के लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि आपसी समन्वय की कमी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समयसीमा में परिणाम दिखाएं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जनपद में उद्योग स्थापना पर मिलने वाली प्रशासनिक सुविधाओं, अनुदानों और सरकारी योजनाओं का योजनावार व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही सभी माननीय जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर उनके माध्यम से भी निवेशकों को प्रेरित करने को कहा गया।
डीएम की सख्त लेकिन सकारात्मक अपील
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने उद्यमियों और निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि कुशीनगर में उद्योग लगाने के लिए अनुकूल वातावरण, त्वरित स्वीकृतियां और पूर्ण प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध है। इच्छुक निवेशक निर्भीक होकर आगे आएं, जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट में व्यक्तिगत रूप से अथवा उपायुक्त उद्योग के मोबाइल 9415822959 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका, पर्यटन अधिकारी प्राण रंजन, एआर को-ऑपरेटिव नीरज कुमार, आबकारी अधिकारी, वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक, सहायक आयुक्त खाद्य सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



