
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
दिनांक: 12 जनवरी, 2026
जनपद कुशीनगर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सूचना सामने आई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ द्वारा जारी पत्र संख्या 46/तीन-2026 दिनांक 12 जनवरी, 2026 के क्रम में वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में संशोधन किया गया है। यह संशोधन शासन की पूर्व विज्ञप्ति संख्या 671/ती-2025-39(2)/2016 दिनांक 17 नवम्बर, 2025 के संदर्भ में लागू किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उक्त संशोधन के अनुसार वर्ष 2026 के लिए निबंधित अवकाशों की सूची में परिवर्तन किया गया है। पहले मकर संक्रान्ति के अवसर पर 14 जनवरी, 2026 (बुधवार) को निबंधित अवकाश प्रस्तावित था, किंतु अब शासन के नवीन आदेश के तहत इस तिथि में बदलाव करते हुए मकर संक्रान्ति के पावन पर्व पर 15 जनवरी, 2026 (गुरुवार) को निगोशिएबुल इन्स्ट्रुमेंट एक्ट, 1881 के अधीन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
इस निर्णय के साथ ही जनपद कुशीनगर में अब मकर संक्रान्ति का पर्व 15 जनवरी, 2026 को पूर्ण सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाया जाएगा। यह अवकाश समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, बैंकों एवं अन्य अधिसूचित प्रतिष्ठानों पर प्रभावी रहेगा।
प्रशासनिक दृष्टि से यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे जनसामान्य को पर्व मनाने हेतु अधिक सुविधा प्राप्त होगी। मकर संक्रान्ति भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख पर्व है, जो सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक है। इस अवसर पर स्नान, दान, पूजा-पाठ एवं सामाजिक आयोजनों की विशेष परंपरा है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे शासन द्वारा घोषित इस अवकाश की जानकारी को व्यापक रूप से साझा करें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि संशोधित आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन का यह निर्णय न केवल पर्व की गरिमा को सम्मान देता है, बल्कि जनभावनाओं के अनुरूप भी है। अब कुशीनगर में मकर संक्रान्ति 15 जनवरी, गुरुवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाई जाएगी।

