
16 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
आगामी 24 जनवरी से 26 जनवरी, 2026 तक जनपद में भव्य रूप से मनाए जाने वाले यूपी दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभागीय दायित्वों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में यूपी दिवस के दौरान प्रस्तावित विविध कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभागीय स्टॉलों, विकास प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यूपी दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसे गरिमामय, सुव्यवस्थित और यादगार बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हर विभाग अपने कार्यों को मिशन मोड में पूरा करे, ताकि जनपद की छवि प्रदेश स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हो।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों को तत्काल आदेश निर्गत कर आयोजन स्थल की तैयारी, मंच व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि सत्कार एवं आपात सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही, प्रत्येक विभाग को उसकी जिम्मेदारी लिखित रूप में सौंपते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यूपी दिवस जन-आंदोलन का रूप ले सके। प्रदर्शनी और स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचे।
जिला प्रशासन के इस सख्त और सुनियोजित रुख से स्पष्ट है कि इस बार कुशीनगर में यूपी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का भव्य संगम बनकर उभरेगा।

