

27 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासी निकाय की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रशासनिक स्तर पर कई अहम निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजना का उद्देश्य अल्पविकसित एवं मलिन बस्तियों में रहने वाले नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन को डीपीआर भेजे जाने, नगर निकायों से एनओसी प्राप्त करने तथा लंबित प्रस्तावों पर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने शासी निकाय से प्राप्त प्रस्तावों को डूडा के माध्यम से क्रियान्वित कराए जाने की अनुमति प्रदान की। साथ ही जिन कार्यों के लिए नगर निकायों से एनओसी प्राप्त नहीं हुई है, उनके संबंध में सभी अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे हर हाल में अगले दिन सायंकाल तक एनओसी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुछ नगर पंचायतों में अवैध धन वसूली के मामलों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दलालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि आवास योजना या किसी अन्य सरकारी योजना के नाम पर कोई व्यक्ति धन की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को दें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिन्हित अल्पविकसित एवं मलिन बस्तियों में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित सभी मूलभूत नागरिक सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करते हुए पारदर्शिता और जनहित का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार, मु. जफर सहित समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
