


विलेज फास्ट टाइम्स | दुदही (कुशीनगर)
कुशीनगर जनपद के ग्राम पंचायत लोहरपट्टी, विकास खण्ड दुदही,अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहरपट्टी (चिरकुटहां) में कराए गए खड़ंजा निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी मानकों को दरकिनार कर दोयम व सेम दर्जे की ईंटों से खड़ंजा निर्माण कर लाखों रुपये के सरकारी धन की कथित बंदरबांट की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य में न तो मानक सामग्री का प्रयोग हुआ और न ही तकनीकी नियमों का पालन किया गया। खड़ंजा बिछाने में उपयोग की गई ईंटें गुणवत्ता में बेहद घटिया हैं, जिनमें कई ईंटें हाथ लगाने मात्र से टूटती नजर आईं। मौके पर ली गई तस्वीरें (फोटो संलग्न) खुद ही इस घोटाले की पोल खोल रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण पूरा होने से पहले ही खड़ंजा उखड़ने लगा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि भुगतान के समय कागजों में खेल कर मोटी रकम हजम कर ली गई।
आरोप है कि पंचायत स्तर पर मिलीभगत कर कार्य को आनन-फानन में दिखावटी रूप से पूरा दर्शा दिया गया, जबकि वास्तविकता में न गुणवत्ता की जांच हुई और न ही निगरानी। ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर संबंधित तकनीकी अधिकारी और ब्लॉक स्तर के जिम्मेदारों ने आंख मूंदकर इस कार्य को कैसे पास कर दिया। क्या यह महज लापरवाही है या फिर सुनियोजित भ्रष्टाचार?
मामले के उजागर होने के बाद भी अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी की स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा घोटाले की रकम की रिकवरी की मांग की है।
यदि समय रहते इस प्रकरण पर कठोर कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर संज्ञान लेकर पारदर्शी जांच कराता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। विलेज फास्ट टाइम्स इस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है।
