


31 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की एक अहम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद कुशीनगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता, बहानेबाजी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव, आशा कार्यकत्रियों के भुगतान, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थिति, टीकाकरण कार्यक्रम, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े निर्माण कार्य, नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन, एईएस/जेई सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से संचालित हों और इसका लाभ पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुंचे।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग में नव नियुक्त 24 एमबीबीएस चिकित्सकों से परिचय प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल पद नहीं, बल्कि समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी निभाते हैं।
जन औषधि केंद्रों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वेंडरों से सीधे संवाद कर केंद्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और शेष केंद्रों की स्थापना शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
समीक्षा में बताया गया कि आशा कार्यकत्रियों का भुगतान दिसम्बर माह तक कर दिया गया है। सीएचसी स्तर पर वाई-डिलेवरी से जुड़े मामलों में तकनीकी खामियों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चयनित 5-5 ग्रामों की सूची के अनुसार संबंधित पंजिका अगले सप्ताह कैम्प कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, पंजीकरण एवं मातृ मृत्यु मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एक भी प्रकरण में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। रिक्त पदों के सापेक्ष शेष भर्तियां शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
टीकाकरण कार्यक्रमों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 16 से 27 फरवरी तक चलने वाले विशेष अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
टीबी मुक्त भारत अभियान एवं कुष्ठ रोग जागरूकता कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को विशेष निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में बताया गया कि 15,40,233 पात्र लाभार्थियों में से लगभग 9,67,000 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शेष कार्ड मार्च तक हर हाल में बन जाएं, अन्यथा जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती बंदिता श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री आलोक प्रियदर्शी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रामजियावन मौर्य सहित अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।
