

विधायक विनय प्रकाश गोंड ने लाभार्थियों को किया सम्मानित, योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील
02 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
नगर पंचायत रामकोला कार्यालय परिसर में सोमवार को श्रम विभाग के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड रहे, जिन्होंने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनय प्रकाश गोंड ने कहा कि प्रदेश सरकार निर्माण श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा संचालित योजनाएं श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षा कवच प्रदान कर रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उन्हें मिल सके। पंजीकरण की प्रक्रिया सहज जनसेवा केंद्रों और विभागीय पोर्टल के माध्यम से सरल बनाई गई है।
विधायक ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को मातृत्व शिशु सहायता योजना, शिक्षा प्रोत्साहन योजना, कन्या विवाह सहायता, अटल आवासीय विद्यालय योजना जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बालक के जन्म पर 20 हजार रुपये तथा बालिका के जन्म पर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं पुत्री के विवाह पर 65 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर 2.25 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 5.25 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान है।
उन्होंने विशेष रूप से अटल आवासीय विद्यालय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना श्रमिकों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी, जिसमें निश्शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान कन्या विवाह योजना के पांच लाभार्थियों को 3.05 लाख रुपये, मातृत्व शिशु बालिका सहायता योजना के 21 लाभार्थियों को 8.17 लाख रुपये, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के पांच लाभार्थियों को 6.75 लाख रुपये सहित कुल 17.97 लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी, सभासद आलोक गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से श्रमिकों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
