


04 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
मा० उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी के प्रस्तावित जनपद आगमन (दिनांक 7 फरवरी) को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिया। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों से जुड़ी हर व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उप मुख्यमंत्री का आगमन शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ा है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जनपद के तीन प्रमुख स्थानों—बीबी एकेडमी गाजीपुर, पावानगर तथा जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड, बैरिकेटिंग, पार्किंग, संपर्क मार्ग एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत कराया गया कि गाजीपुर स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर लैंड करेगा, जहां से उप मुख्यमंत्री विद्यालय उद्घाटन एवं स्टाल निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। मंचीय व्यवस्था, प्रोटोकॉल और कार्यक्रम अनुशासन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी को स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा गया। साथ ही संबंधित ग्राम की योजनावार बुकलेट तैयार कराने की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई।
पावानगर कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सीमित स्थान को देखते हुए केवल अधिकृत अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को ही प्रवेश दिया जाए। यहां लखपति दीदी कार्यक्रम एवं ग्राम चौपाल आयोजित होगा, जिसमें विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
जिलाधिकारी ने दोनों स्थलों पर जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरण को व्यवस्थित, पारदर्शी और गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने पर जोर दिया। पावानगर कार्यक्रम के पश्चात उप मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलीपैड से भाजपा कार्यालय पहुंचकर कोर कमेटी बैठक में भाग लेंगे तथा बाद में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेटिंग एवं लाइन-अप व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती वंदिता श्रीवास्तव सहित सभी वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक सख्ती और स्पष्ट निर्देशों से यह साफ है कि उप मुख्यमंत्री का आगमन पूरी तरह अनुशासित, सुरक्षित और प्रभावशाली बनाने में प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।
