
बारिश में घरों तक पहुंचता गंदा पानी, जलभराव से बढ़ा बीमारी और आवागमन का संकट—सभासद ने अधिशासी अधिकारी को सौंपा पत्र
कुशीनगर। नगर पंचायत खड्डा के वार्ड नंबर-1 (अम्बेडकर नगर) में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। महाराणा प्रताप चौक के पास सिसवा-खड्डा रोड पर जलनिकासी के लिए महज एक मीटर व्यास के ह्यूम पाइप पर निर्भर व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए वार्ड निवासी एवं भाजपा नेता रोशनलाल भारती ने नगर पंचायत प्रशासन से 4 मीटर स्पैन की पक्की पुलिया निर्माण की मांग उठाई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष/अधिशासी अधिकारी को दिए गए पत्र में उन्होंने मौजूदा जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि बारिश के दौरान पानी का दबाव बढ़ते ही छोटी क्षमता वाले पाइप से निकासी प्रभावित हो जाती है और नाली का दूषित पानी सड़क पर फैलने के साथ आसपास के घरों तक पहुंच जाता है।
स्थानीय स्तर पर उठाई गई इस मांग ने नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था और बरसाती पानी के प्रबंधन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्र में दावा किया गया है कि जलभराव के कारण वार्डवासियों, राहगीरों और बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
रोशनलाल भारती ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या को केवल अस्थायी जलनिकासी उपायों से निपटाने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाया जाए। इसके लिए सिसवा-खड्डा रोड पर वर्तमान ह्यूम पाइप की जगह 4 मीटर स्पैन की मजबूत पक्की पुलिया का निर्माण कराने की मांग की गई है।
पत्र में उन्होंने स्थल का तत्काल निरीक्षण कराकर निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने और जल्द कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है।
अब बड़ा सवाल यही है कि हर बारिश में जलभराव का संकट झेल रहे वार्ड नंबर-1 को राहत कब मिलेगी? क्या नगर पंचायत प्रशासन इस मांग को कागजों तक सीमित रखेगा या मौके पर निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगा? यह देखने वाली बात होगी।
