
कुशीनगर जनपद के तहसील तमकुहीराज के ग्राम सभा बड़हरा बुजुर्ग के आंशिक क्षेत्र बड़हरा खुर्द में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे और राजस्व विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा की कई गाटा संख्याएं राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज हैं, जिनमें गाटा संख्या 47 रकबा 16 एयर खतौनी में गाटा संख्या 48 रकबा 16 एयर खतौनी में श्मशान और गाटा संख्या 43 रकबा 543 एयर खतौनी में नाला अंकित है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन भूखंडों की पैमाइश कराना न केवल न्यायसंगत है बल्कि आवश्यक भी है, क्योंकि भूमाफियाओं द्वारा लगातार इन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
गंभीर आरोप यह भी है कि गाटा संख्या 46 पर स्थित जे.डी.एस. स्कूल प्रबंधन ने गाटा संख्या 43 पर मिट्टी भरकर अवैध अतिक्रमण कर लिया है, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले की शिकायत शिकायत संख्या 40018925020150 पर दर्ज कराई गई थी, लेकिन हल्का लेखपाल नंदलाल गुप्ता ने शिकायतकर्ता से यह कहते हुए असंवेदनशील और अमर्यादित व्यवहार किया कि— “सार्वजनिक भूमि पर आप शिकायत करने वाले कौन होते हैं, सरकारी जमीन के मालिक हम हैं।” ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल अवैध कब्जाधारियों के प्रभाव में आकर न केवल मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि कब्जाधारकों को पुनः कब्जा बनाए रखने की सलाह भी दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि गाटा संख्या 43, 47 और 48 की पैमाइश कर अवैध कब्जों की जांच कराई जाए, जे.डी.एस. स्कूल प्रबंधन और अन्य भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पद का दुरुपयोग करने वाले हल्का लेखपाल नंदलाल गुप्ता पर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित हो। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि की रक्षा करने वाले ही आज भक्षक बन बैठे हैं, जिससे क्षेत्रीय जनता में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
