
दुदही कुशीनगर से अजय रौनियार की रिपोर्ट
दुदही (कुशीनगर) दुदही नगर पंचायत मे नगर पंचायत दुदही प्रशासन द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में अनियमितता को लेकर लामबंद व्यापारी और प्रबुद्ध वर्ग अब मुखर होकर विरोध कर रहा है।गत रविवार को दुदही नगर पंचायत के अटल नगर गोलाबाजार में हल्ला बोल पोल खोल अभियान की शुरुआत हुई तो इस अभियान के दुसरे अंक में इसका आयोजन दुदही धर्मशाला बाजार में हुआ जहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के प्रभारी संयोजक अधिवक्ता समाजसेवी मनोज कुंदन ने कहा कि विकास कार्यों की निगरानी और उसकी गुणवत्ता पर सवाल पुछा जाना लोकतंत्र में आवश्यक है।और सत्ता में बैठे लोगों को इसका जबाब देना होगा।नगर के पंद्रह वार्ड में विकास की योजना और उसके बजट आवंटन में भेदभाव भी एक तरह का शोषण है। मनोज कुंदन ने कहा कि चाहे मामला आउटसोर्स के नियुक्ति का हो, विद्युत सामग्री स्ट्रीट लाइट, हाइमास्ट या लाईट स्ट्रीप लगाने का हो घटिया सामग्री की ऊंचे दामों पर खरीद दिखा कर कमीशन का खेल खेला गया है।एक सप्ताह दो सप्ताह बाद इनके खराब होने पर फिर बनाने की जिम्मेदारी किसकी है यह कोई नहीं जानता।नगर में लगे सीसीटीवी कैमरे कितने चालू है,कौन बताएगा, बीसों लाख रुपए कैमरे और स्ट्रीप लाईट लगाने में व्यय हुआ है कौन जबाव देगा। बिना पैमाइश के ही दिन रात सड़कों और नालियों का निर्माण भी दुदही के भविष्य को खतरे में डाल रहा है।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रत्याशी रहे पारसनाथ जायसवाल ने भी नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में वर्ग विशेष के बहुलता वाले वार्डों में ही बजट का अधिकाधिक हिस्सा दिया जा रहा है। व्यापार मंडल के तहसील मंत्री राजू रौनियार ने दुर्गा मंदिर रोड, सीताराम स्कूल मार्ग,और हाईस्कूल के पीछे नालियों के निर्माण का सवाल उठाया।इस अभियान से बाजार में चर्चाओं का दौर गर्म हो गया है। भाजपा के ही पदाधिकारी नगर पंचायत अध्यक्ष महदया भी हैं जबकि विरोध करने वाले लोग भाजपा के सक्रिय सदस्य और संघ से जुड़े हैं। विकास को लेकर पहली बार इस तरह का आंदोलन लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रहा है।इस मौके पर राजेश डालमिया,भोला सिंह,अशोक सिंह, आनन्द जायसवाल, अमित जायसवाल, उज्जवल जायसवाल, गुड्डू जायसवाल, प्रमोद जायसवाल, सत्यनारायण जोशी, राहुल जायसवाल, सतीश जायसवाल,आदि मौजूद रहे।


