राजस्व विवादों पर डीएम सख्त, कुशीनगर में आंशिक प्रशासनिक फेरबदल का दिखा असर

न्यूज़ नेटवर्क कुशीनगर

जिले में बढ़ते राजस्व विवाद और लंबित वादों के निस्तारण में गिरते ग्राफ को देखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रशासनिक स्तर पर आंशिक फेरबदल करते हुए उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में बदलाव किया है। जिसके बाद से इसका सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है।

आपको बता दें कि कप्तानगंज के उपजिलाधिकारी पारितोष मिश्रा के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद अनिल यादव, जो अब तक पडरौना में उपजिलाधिकारी न्यायिक के रूप में कार्यरत थे, को नवीन उपजिलाधिकारी कप्तानगंज नियुक्त किया गया है। वही व्यास नारायण उमराव, उपजिलाधिकारी पडरौना, को अब पडरौना न्यायिक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। आशुतोष, उपजिलाधिकारी कसया, को न्यायिक उपजिलाधिकारी कसया का भी कार्यभार दिया गया है।

इसके पहले जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव जनहित में है और न्यायिक कार्यों में गतिशीलता लाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में राजस्व विवादों की बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, लेकिन मामलों का निस्तारण असंतोषजनक है। इसलिए यह आवश्यक था कि त्वरित और प्रभावी निर्णय लिए जाएं।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डीएम तंवर को यह विशेष जिम्मेदारी सौंपी है कि लंबित राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण हो और आम जनता को न्याय मिले।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment

×