

कुशीनगर जिले में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई धमकी मामले ने सुरक्षा जगत में चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम अकाउंट edu_dada_302 से मुख्यमंत्री की एक तस्वीर पर लाल क्रॉस बनाकर पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा था – “हिसाब से रहो, साहब हम सब्र में हैं कब्र में नहीं”। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मुद्दा बन गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की पहचान की। आरोपी का नाम आस मुहम्मद, पुत्र मुर्तुजा, निवासी मुसहरी टोला, नौतन हर्दो, थाना तुर्कपट्टी बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की आईडी पर धार्मिक भावना भड़काने वाले अन्य पोस्ट भी पाए गए हैं।
भाजपा नेता गोलू सिंह की तहरीर पर थाना तुर्कपट्टी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और सोशल मीडिया के जरिए लोगों की भावनाओं को भड़काने वाले कंटेंट की जांच भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से किसी भी तरह की धमकी या भड़काऊ पोस्ट को रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना तुर्कपट्टी पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के कठोर दायरे में लाया जाएगा।
इस घटना ने सोशल मीडिया पर संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था के महत्व को उजागर किया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून के विरुद्ध सोशल मीडिया का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
