

कुशीनगर, 03 अक्टूबर।
महिलाओं और बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद कुशीनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत विशेष अभियान का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर महिला कल्याण विभाग एवं परिवहन विभाग के संयुक्त समन्वय से गीता इंटरनेशनल स्कूल, रविन्द्र नगर घूस में “ड्राइविंग माय ड्रीम्स” मेगा इवेंट संपन्न हुआ।
एआरटीओ मु. अजीम ने बताया कि 22 सितंबर से 21 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के दौरान आज 26 महिलाओं ने कार्यालय में आकर फेसलेस शिक्षार्थी लाइसेंस बनवाए। यह पहल महिलाओं को तकनीकी सुविधा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसी क्रम में विद्यालय में आयोजित सभा में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया गया। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि बिना वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनी अपराध है। उन्होंने छात्रों को यह भी बताया कि 16 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवा बिना गियर वाले दोपहिया वाहन के लिए और 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवा सभी प्रकार के दोपहिया व हल्के चारपहिया वाहन हेतु ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकते हैं।
सभा में शासन की महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं—1090 वीमेन पॉवर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्डलाइन और 149 परिवहन हेल्पलाइन—की जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं व छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर इनका लाभ उठा सकें।
विशेष पहल के तहत विद्यालय की महिला अध्यापिकाओं और महिला कल्याण विभाग की कर्मियों का ड्राइविंग लाइसेंस ऑनलाइन बनवाया गया। उप संभागीय अधिकारी द्वारा 10 महिलाओं को लाइसेंस प्रमाणपत्र वितरित कर सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी, उप संभागीय अधिकारी मोहम्मद अजीम, राजीव सिंह, बासुदेव यादव, राहुल कुमार (कोऑर्डिनेटर), नलिन सिंह, दिनेश कुमार, प्रीति सिंह और वंदना कुशवाहा सहित परिवहन व यातायात विभाग के कर्मचारीगण मौजूद रहे।
👉 यह कार्यक्रम न केवल महिला सशक्तिकरण बल्कि सुरक्षित यातायात और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।






