
कुशीनगर।
जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का आगाज आज बड़े उत्साह के साथ हुआ। कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी परिसर से आशा कार्यकत्रियों की जन-जागरूकता रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में शामिल आशा कार्यकत्रियाँ हाथों में जन-जागरूकता के नारे लिखी तख्तियां लिए लोगों को स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव का संदेश दे रही थीं। नारों में — “बुखार में देरी पड़ेगी भारी”, “चूहा-मच्छर घर में ना आने पाए”, “हम सबने ठाना है, संचारी रोग भगाना है” जैसे सशक्त संदेश शामिल थे। रैली रविन्द्र नगर चौराहे तक जाकर पुनः कार्यालय परिसर में आकर स्वास्थ्य शिक्षा सत्र के साथ समाप्त हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने बताया कि 5 से 31 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया, कालाजार जैसे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण और जल जनित रोगों से बचाव है। इस अभियान में 12 विभागों की भूमिका सुनिश्चित की गई है, जिनमें पंचायती राज, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की मुख्य जिम्मेदारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि 11 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण आदि की जांच करेंगी और लोगों को साफ-सफाई एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपाय बताएंगी।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पड़रौना समेत जनपद के कई अधिकारी उपस्थित रहे।



