
कुशीनगर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने जनपद में संचालित नियंत्रित दर दुकानों (सस्ते गल्ले की दुकानों) पर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा है कि शासन स्तर से निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय से पूरी मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी पूर्ति निरीक्षकों, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वितरण से पूर्व सभी वस्तुओं की गुणवत्ता की जांच की जाए तथा वितरण के समय लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही दुकानों पर अनिवार्य रूप से मूल्य सूची, स्टॉक विवरण व वितरण रजिस्टर प्रदर्शित किया जाए, ताकि व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी रहे।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा है कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित भ्रमण कर दुकानों की स्थिति का निरीक्षण करें। यदि किसी दुकान पर गड़बड़ी पाई जाती है, तो तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्देशित किया है कि शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला पूर्ति अधिकारी और उप जिलाधिकारी नियमित रूप से निगरानी रखें, ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी को खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाई न हो। कार्यवाही के प्रभावी संचालन हेतु सभी उप जिलाधिकारियों एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
