
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी बाबू नंद गुप्ता पुत्र मोती शाह ने दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में दवा वितरण में गड़बड़ी और जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बाबू नंद अपने नाती रोहित गुप्ता को लेकर दुदही सीएचसी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रोहित गुप्ता रात में छत पर सो रहा था, तभी अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन इलाज के लिए उसे तत्काल दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
पीड़ित के अनुसार, वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने कुछ दवाएं अस्पताल की और कुछ बाहर की दवा लिख दी। जब वह दवाएं लेने अस्पताल परिसर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पहुंचे, तो वहां कर्मियों ने ₹230 की वसूली करते हुए बाहर की दवाएं दे दीं।
मरीज के परिजनों का आरोप है कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर मुफ्त या सस्ती दवाएं देने के बजाय बाहरी और महंगी दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे गरीब मरीजों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच की जाए और यदि दोषी पाए जाएं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जन औषधि केंद्र जनता की सुविधा के लिए खोले गए हैं, लेकिन यहां लूट का अड्डा बन गया है।
इस पूरे मामले पर दुदही सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि, > “मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
