
कुशीनगर
विकसित उत्तर प्रदेश @2047 के लिए दें अपने सुझाव – जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील
ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड स्कैन कर हर नागरिक दे सकता है अपना योगदान
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के तहत “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” नामक महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के हर नागरिक को राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और रचनात्मक सुझाव देने का अवसर प्रदान किया गया है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने सुझाव देकर उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में सार्थक योगदान दें। उन्होंने कहा कि यह पहल कुशीनगर सहित सभी जिलों की स्थानीय प्राथमिकताओं, आवश्यकताओं एवं संभावनाओं को राज्य की नीतियों में समुचित स्थान दिलाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक अपने सुझाव सीधे ऑनलाइन पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in/ पर दर्ज कर सकते हैं या क्यूआर कोड स्कैन कर फीडबैक साझा कर सकते हैं। यह सुविधा सूचना सेतु एप पर भी उपलब्ध है। सुझाव देने के लिए प्रतिभागियों को मोबाइल ओटीपी से लॉगिन कर 12 निर्धारित सेक्टरों में से किसी भी विषय का चयन कर अपने विचार दर्ज कराने होंगे।
उन्होंने कहा कि यह अभियान सभी वर्गों — विद्यार्थियों, शिक्षकों, किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों, श्रमिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए खुला है। इसका उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार से कम से कम एक सुझाव प्राप्त हो, जिससे उत्तर प्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट जनता की सहभागिता पर आधारित हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार विकास की इस यात्रा से वंचित न रहे। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने बहुमूल्य सुझाव साझा कर इस ऐतिहासिक अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
