

कुशीनगर।
महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बुधवार को तहसील सभागार तमकुहीराज में महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने हेतु विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उ0प्र0 राज्य महिला आयोग, लखनऊ की मा0 सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी ने की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा मिश्रा, क्षेत्राधिकारी राकेश प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अमित कुमार राय, बीईओ सुधीर कुमार, सीडीपीओ सीमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान कुल 25 प्रकरण प्राप्त हुए — जिनमें 12 पुलिस विभाग, 8 राजस्व विभाग, 1 चिकित्सा विभाग, 2 खंड विकास अधिकारी एवं 1 वन स्टॉप सेंटर से संबंधित थे। इनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि 8 मामलों पर संबंधित विभागों को सात दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मा0 सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी ने जनसुनवाई के साथ-साथ राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, पुष्टाहार, कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की निःशुल्क शिक्षा और पुलिस विभाग से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की।
जनसुनवाई के उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज का औचक निरीक्षण किया। मरीजों से दवाओं और उपचार की जानकारी लेते हुए उन्होंने बाहर की दवा लिखने पर रोक लगाने के निर्देश दिए तथा निश्चेतक चिकित्सक की अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए।
इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तमकुहीराज में छात्राओं संग भोजन कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र मथौली में 10 गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली प्रदान की गई और 6 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान रेसिपी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया — प्रथम स्थान पर श्रीमती अनिता पांडेय, द्वितीय स्थान पर श्रीमती श्वेता सिंह और तृतीय स्थान पर श्रीमती सुनीता चौधरी रहीं। अंत में मा0 सदस्य ने आंगनबाड़ी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वन स्टॉप सेंटर कुशीनगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
