
कुशीनगर। 17 अक्टूबर।
जूनियर हाई स्कूल, पडरौना के प्रांगण में चल रहे उत्तर प्रदेश ट्रेड शो 2025 स्वदेशी मेला के अंतर्गत गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नवाचार एवं टी.एल.एम. (Teaching Learning Material) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कुशीनगर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण मुरारी जायसवाल, उपायुक्त उद्योग अभय सुमन, खंड शिक्षा अधिकारी पडरौना सुरेंद्र बहादुर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी खड्डा राजेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी नगर अमित चौहान, तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक राजकुमार सिंह व मंजू सिंह द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इसके पश्चात कार्यक्रम का सांस्कृतिक आगाज़ पी०एम०श्री विद्यालय भटवलिया बनकट की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने भगवान राम के राज्याभिषेक पर आधारित मनमोहक नाट्य प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। वहीं पी०एम०श्री विद्यालय पासी टोला रामपुर सोहरौना सुकरौली की छात्राओं ने शास्त्रीय योग की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पमालाओं, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र से अभिनंदन किया गया। शिक्षा जगत में नवाचार लाने वाले कई शिक्षकों को भी इस अवसर पर मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डॉ. सूर्य प्रताप और रामबीर सिंह ने मिशन शिक्षण संवाद की अवधारणा पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि यह अभियान न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही नवीन पहल—पढ़ाई से प्रतियोगिता तक—पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर शिक्षिका उषा सिंह, आशा शर्मा, और शिक्षक उमेश यादव ने शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और गुरु-शिष्य संबंधों पर प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उद्योग विभाग के अपर आयुक्त एच०पी० सिंह तथा डी.आई.ई.टी. प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य ने मेले में लगे विभिन्न टी.एल.एम. स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा निर्मित नवीन शिक्षण सामग्री, चार्ट्स, मॉडल्स और शिक्षण उपकरणों की सराहना की।
इस दौरान अतिथियों ने जनपद के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की बदौलत आज कुशीनगर शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। विशेष रूप से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा (NMMS) में जिले के छात्रों का 254 सीटों पर चयन, इंस्पायर अवॉर्ड, अटल आवासीय विद्यालय और श्रेष्ठा योजना जैसी प्रतियोगिताओं में अभूतपूर्व सफलता कुशीनगर के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
अपर आयुक्त एच.पी. सिंह ने शिक्षकों को “राष्ट्र निर्माण का सशक्त प्रहरी” बताते हुए कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं, और जब शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को समर्पण व नवाचार के साथ निभाते हैं, तो शिक्षा अपने सर्वोत्तम स्वरूप में पहुँचती है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों में जिज्ञासा, अनुशासन और चरित्र निर्माण की भावना को सशक्त करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य ने कहा कि कुशीनगर के शिक्षक अपने नवाचार और सृजनशील सोच के माध्यम से राज्य स्तर पर उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। “मिशन शिक्षण संवाद” जैसे प्रयासों से शिक्षा अब केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि व्यवहारिक और प्रतियोगी जीवन की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम का संचालन राज्य पुरस्कार सम्मानित शिक्षक डॉ. सूर्य प्रताप एवं सुनील सिंह ने ऊर्जा और उत्साह के साथ किया। मंच संचालन के दौरान दोनों ने न केवल कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रखा बल्कि शिक्षा के प्रति समर्पण और सृजनशीलता के संदेश को भी बल दिया।
समापन सत्र में मिशन शिक्षण संवाद की जिला एडमिन मंजू सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, उत्कृष्ट शिक्षकों और आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल शिक्षकों को सम्मानित करते हैं, बल्कि उनमें नये उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
कार्यक्रम का अंत राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ, और पूरा परिसर “जय हिन्द” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर जिले के सैकड़ों शिक्षक, शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी एवं शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश ट्रेड शो 2025 में शिक्षा के इस जीवंत स्वरूप को देखकर गर्व की अनुभूति की।
कुशीनगर से रिपोर्ट — धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय





