

गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल मिली सफलता, परिजनों ने जताया आभार
कुशीनगर। थाना खड्डा पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तेज़ कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। सिर्फ 4 घंटे के भीतर तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपकर पुलिस ने राहत की बड़ी सांस दिलाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लखुआ लखुई निवासी शम्भू यादव और दीपक गुप्ता ने 23 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे थाना खड्डा में सूचना दी कि उनके पुत्र — आयुष यादव (12), विकास गुप्ता (15) और कुश जायसवाल (16) — दोपहर करीब 1:30 बजे घर से एक साथ निकले थे और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने स्वयं काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही थाना खड्डा प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय की अगुवाई में टीम सक्रिय हो गई। मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद ली, सूचना तंत्र विकसित किया और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश डाली। पुलिस के सतत प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि मामले के मात्र 4 घंटे बाद ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद बच्चों को थाने लाकर परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों के मिलने की सूचना पर परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला और परिजनों ने खड्डा पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया।
बरामदगी टीम में — प्रभारी निरीक्षक श्री गिरजेश उपाध्याय, उप-निरीक्षक श्री बबलू सोनकर और कांस्टेबल श्री शिवानंद सिंह — की भूमिका सराहनीय रही। तेज़ कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि कुशीनगर पुलिस जनता की सुरक्षा के प्रति सजग और संवेदनशील है।
