
तमकुही राज (पिपरा कनक)। चौराखास थाना क्षेत्र के एक गांव के पास उस समय सनसनी फैल गई जब दीपावली की सुबह एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती लहूलुहान अवस्था में निर्जन स्थान पर पाई गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सीएचसी फाजिलनगर से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। लेकिन अब सवाल यह है कि वह युवती आखिर गई कहां?
घटना वाली रात उसके साथ क्या हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने न तो युवती की स्थिति की जानकारी ली और न ही जांच में कोई ठोस कदम उठाया। जब समाचार पत्रों में यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित हुआ, तब जाकर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की खोज में जुट गई।
हालांकि अब तक पीड़िता का कोई सुराग नहीं मिल सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस पूरे मामले को दबाने की कोशिश में है। दीपावली जैसी शुभ रात में घटी यह शर्मनाक वारदात अब चर्चा का केंद्र बन गई है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने शुरू से गंभीरता दिखाई होती तो आज स्थिति कुछ और होती।
घटना की रहस्यमयी चुप्पी और पुलिस की उदासीनता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं — क्या सच में कुछ छिपाया जा रहा है? फिलहाल चौराखास पुलिस की टीम पीड़िता की तलाश में दिन-रात जुटी हुई है, लेकिन अब तक मामला जस का तस बना हुआ है।
