


📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ और खैराबाद की टीमों ने मचाया धमाल
कुशीनगर। कुशीनगर महोत्सव 2025 के तीसरे दिन खेल मैदान उत्साह और रोमांच से भर उठा, जब ओपेन राज्य आमंत्रण कबड्डी और फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषिकांत राय, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश तथा वरिष्ठ अतिथि विनय राय, अध्यक्ष – कुशीनगर महोत्सव समिति, ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार निषाद ने बताया कि आज के मुकाबले में कबड्डी और फुटबॉल दोनों ही खेलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कबड्डी के पहले मैच में महाराजगंज और आजमगढ़ के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें आजमगढ़ ने 40 अंक प्राप्त कर महाराजगंज (16 अंक) को मात दी।
दूसरे मुकाबले में रायबरेली और महाराजगंज आमने-सामने हुए, जहाँ महाराजगंज ने 27 अंक अर्जित कर रायबरेली (11 अंक) को पछाड़ दिया। तीसरे मैच में देवरिया और आजमगढ़ की टीमें भिड़ीं, जिसमें आजमगढ़ ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 27-8 से जीत हासिल की।
चौथे मैच में मऊ और कुशीनगर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें मऊ ने 26 अंक से जीत दर्ज की जबकि कुशीनगर को 21 अंक मिले। वहीं अंतिम मुकाबले में गोरखपुर ने प्रयागराज को 24-21 से हराकर शानदार जीत हासिल की।
फुटबॉल के रोमांचक मुकाबले भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। पहले मैच में बलिया और मऊ के बीच खेला गया रोमांचक मैच मऊ ने 1-0 से जीता।
दूसरे मुकाबले में कुशीनगर बनाम खैराबाद के बीच हुआ, जिसमें खैराबाद ने 2-1 से जीत दर्ज की। वहीं गाजीपुर और मिर्जापुर के बीच का मैच बराबरी पर समाप्त हुआ, दोनों टीमों ने 0-0 अंक प्राप्त किए।
कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की भारी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कृष्णा राय, अमित राय, आर.पी. राय, अरविंद राय, प्रद्युम्न पांडेय, आदित्य राय, संजय सिंह, कस्तूरचंद जायसवाल, प्रिंस तिवारी, शक्तिधर राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।प्रतियोगिता के संचालन में उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ से आए विनोद कुमार राय (चेयरमैन टेक्निकल कमेटी), माया राय, देवेंद्र कुमार राय, गोरख गुप्ता, रघुपति यादव, धीरज प्रसाद, विवेक वर्मा आदि निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में क्रीड़ा अधिकारी रवि कुमार निषाद ने आगंतुक अतिथियों, निर्णायकों और खिलाड़ियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि “कुशीनगर महोत्सव सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि खेल भावना और एकता का प्रतीक है।”
