

📰 विलेज फास्ट टाइम्स – कुशीनगर
बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा – किसानों की सुविधा सर्वोपरि, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
कुशीनगर, 31 अक्टूबर।
कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में धान क्रय केन्द्रों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान क्रय कार्य को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में इस वर्ष कुल 62 धान क्रय केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर अब तक लगभग 89.90 मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की जा चुकी है। इस सत्र के लिए धान खरीद का लक्ष्य 2.26 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है, जिसकी खरीद 1 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर क्रय केन्द्र पर GPS युक्त तौल कांटे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि धान की तौल में कोई भ्रामक स्थिति न उत्पन्न हो। साथ ही Rice Millers को धान उठान हेतु पहले से चिन्हित किया जाए और उठान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या विलंब न होने पाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी केन्द्रों पर साइन बोर्ड, रेट बोर्ड, साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि धान क्रय केन्द्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जहां भी लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में खाद्य एवं रसद विभाग, विपणन शाखा, सहकारी संस्थाओं सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
