
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर संवाददाता दुदही से सुरेन्द्र कुमार रौनियार की ख़ास रिपोर्ट| 03 नवम्बर 2025
जनपद कुशीनगर के थाना विशुनपुरा क्षेत्र के नगर पंचायत दुदही वार्ड नंबर-8 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोमवार की सुबह कपड़े की दुकान में आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए दुकानदार और उसके भाई को बुरी तरह पीट दिया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब स्थानीय चर्चा का विषय बनी हुई है।
पीड़ित हरकेश गुप्ता पुत्र बृजन निवासी नगर पंचायत दुदही ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रोजी-रोटी चलाने के लिए मुन्ना बरनवाल की कपड़ों की दुकान पर नौकरी करता है। 2 नवम्बर की सुबह करीब 10 बजे वह दुकान पर ग्राहकों को कपड़ा दिखा रहा था। तभी अचानक मनोज कुंदन, किशोरी उर्फ अंजना, संदीप वर्मा, पंकज राय, देवेंद्र राय और रंजीत रौनियार सहित आधा दर्जन लोग दुकान में घुस आए।
आरोप है कि इन लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला बोल दिया। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी तरह बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने बेकाबू होकर दुकान का कपड़ा बिखेर दिया और उसकी जेब में रखे 400 रुपये भी गायब कर दिए। जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करते रहे लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा होने के कारण कोई आगे नहीं बढ़ सका। इस दौरान पीड़ित का छोटा भाई धर्मेंद्र गुप्ता भी बीच में आया तो उसे भी बुरी तरह पीट दिया गया। दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के मुताबिक, “हमलावर लगातार धमकी दे रहे हैं कि अगर पुलिस या प्रशासन से शिकायत की तो जान से मार देंगे।” यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रही है, जिससे पूरे घटनाक्रम की पुष्टि होती है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। थाना विशुनपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी स्थानीय प्रभावशाली लोग हैं और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौके पर जुटे लोगों ने कहा कि “दिनदहाड़े बाजार में इस तरह की गुंडागर्दी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।” स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से सुरक्षा प्रदान करने और दोषियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की अपील की है। घटना के बाद दुदही बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि लोग न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


