

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष रिपोर्ट
कुशीनगर। तथागत बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली पर वर्षों से बेखौफ संचालित हो रहे अवैध देह व्यापार पर शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए एनके गेस्ट हाउस पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग दो दर्जन से अधिक युवक–युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। खास बात यह कि पकड़ी गई लड़कियों में एक दर्जन नाबालिग होने की बात सामने आई है, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
इस गेस्ट हाउस पर कार्रवाई इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बीते कई महीनों से विलेज फास्ट टाइम्स, और अन्य स्थानीय मीडिया संस्थानों द्वारा लगातार इस अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए खबरें प्रकाशित की जा रही थीं। मीडिया की इन रिपोर्टों को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अब खुलेआम फलफूल रहे इस गंदे धंधे पर शिकंजा कसने के मोड में है।
छापेमारी में दो घंटे तक हड़कंप, गेस्ट हाउस को किया गया सील
कसया थाना क्षेत्र स्थित एनएच-28 पर संचालित एनके गेस्ट हाउस को लंबे समय से देह व्यापार का हॉटस्पॉट माना जा रहा था। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी कसया संत राज सिंह बघेल व क्षेत्राधिकारी कुन्दन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस को घेरते हुए छापेमारी शुरू की।
करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान कमरों में विभिन्न स्थानों से दो दर्जन से अधिक युवक–युवतियां रंगरलियां मनाते हुए गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने मौके पर ही गेस्ट हाउस को सील कर दिया और सभी हिरासत में लिए गए लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़ी गई अधिकांश युवतियां किसी संगठित गिरोह के माध्यम से इस धंधे में धकेली गई प्रतीत होती हैं। इनमें काफी संख्या नाबालिगों की होने से इस पूरे मामले में मानव तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है।
वर्षों से फलफूल रहा था अवैध धंधा
स्थानीय लोगों का कहना है कि कसया-कुशीनगर क्षेत्र के कई रेस्टोरेंट, निजी लॉज, होटल और गेस्ट हाउसों में वर्षों से देह व्यापार का कारोबार खुलेआम चलता रहा है। इससे जहां बुद्धनगरी की अंतरराष्ट्रीय पहचान पर बट्टा लग रहा है, वहीं स्थानीय निवासियों को भी असुरक्षा और शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है।
मीडिया के माध्यम से लगातार आवाज उठाए जाने और शिकायतें बढ़ने पर प्रशासन ने अब सख्ती दिखानी शुरू की है। एनके गेस्ट हाउस पर हुई यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत पुलिस अब ऐसे सभी संदिग्ध स्थानों पर निगरानी कड़ी कर रही है।
प्रशासन ने दिखाई सख्ती, पुलिस जुटी आगे की कार्रवाई में
गिरफ्तार किए गए युवक–युवतियों से कसया थाना पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही है। नाबालिग लड़कियाँ मिलने के कारण पॉक्सो एक्ट, आईपीसी की गंभीर धाराएँ, तथा मानव तस्करी से जुड़ी संभावित धाराएँ भी लगाई जा सकती हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के मूल संचालकों तक पहुंचने के लिए अलग टीम गठित कर सकती है।
गेस्ट हाउस संचालक पर भी कठोर कार्रवाई तय मानी जा रही है, क्योंकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह कारोबार लंबे समय से संरक्षण प्राप्त कर फलफूल रहा था।
एसडीएम कसया बोले — “अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”
छापेमारी का नेतृत्व कर रहे एसडीएम कसया संत राज सिंह बघेल ने कहा कि,
“कुशीनगर में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन पूरी सख्ती से ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चला रहा है। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा।”
इस कार्रवाई के बाद देह व्यापार से जुड़े गिरोहों और उनके संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने इस कदम का स्वागत करते हुए प्रशासन से ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने की मांग की है।
विलेज फास्ट टाइम्स की विशेष रिपोर्ट — कुशीनगर से
