


विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
दिनांक – 17.11.2025
सुरक्षा-सम्मान-स्वावलंबन पर जोर
कुशीनगर में मिशन शक्ति के विशेष अभियान फेज 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रभावशाली कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी के निर्देश पर आज सियोबाई टिबड़ेवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, पडरौना में जागरूकता चौपाल आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं का उत्साह देखने लायक था।
कार्यक्रम में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्री नलिन सिंह ने घरेलू हिंसा और दहेज उन्मूलन पर अत्यंत प्रभावी चर्चा की। उन्होंने वास्तविक उदाहरणों के साथ बालिकाओं को बताया कि हिंसा का किसी भी रूप में समझौता नहीं किया जा सकता और कानून हर बेटी के साथ मजबूती से खड़ा है। उनके संबोधन के दौरान छात्राओं ने बड़ी गंभीरता से हर बात को समझा।
वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं—विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, महिला सुरक्षा योजनाएं आदि—के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की ये योजनाएं तभी सफल होंगी जब अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक जानकारी पहुँचे।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती वंदना कुशवाहा ने प्रदेश में संचालित सभी आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों—
1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1090 (वुमेन पावरलाइन), 112, 108, 102—की महत्ता समझाते हुए छात्राओं से अपील की कि वे संकट की घड़ी में बिना झिझक इन सेवाओं का उपयोग करें।
कार्यक्रम में पंपलेट वितरण कर जागरूकता को और बढ़ाया गया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से श्री राहुल कुमार (केस वर्कर), श्रीमती शशिकला कुशवाहा (स्टाफ नर्स) तथा विद्यालय स्टाफ—श्रीमती मुकुल शुक्ला, डॉ. नीलम गुप्ता, श्रीमती रेनू मिश्रा, श्रीमती नेहा पांडेय, श्रीमती सारिका मिश्रा, श्रीमती चंदा गुप्ता, श्रीमती प्रियंका मिश्रा, श्री संजय चतुर्वेदी—आदि उपस्थित रहे।
विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया। समापन में अध्यापकों और छात्राओं से अनुरोध किया गया कि वे मिशन शक्ति की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम ने बेटियों में नई चेतना और सुरक्षा का भरोसा जगाने का मजबूत संदेश दिया।
