
26 नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
आयुष्मान व गोल्डन कार्ड लक्ष्य पूर्ति हेतु विशेष अभियान तेज करने के निर्देश
कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सभी प्रमुख योजनाओं— संस्थागत प्रसव, आशा भुगतान, गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध जांच, बच्चों का टीकाकरण, “मंत्रा” पोर्टल पर डाटा फीडिंग, मातृ-शिशु मृत्यु रिपोर्टिंग तथा जन्म पंजीकरण— पर विभागीय अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।
सीडीओ ने जनपद में अपंजीकृत अस्पतालों की स्थिति पर गंभीर नाराज़गी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि अंतिम नोटिस जारी कर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आशा कार्यकत्रियों के कार्यों की समीक्षा में सीडीओ ने निर्देश दिया कि नियमित मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन की व्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने चेताया कि जो आशा बहुएँ लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उन्हें अंतिम नोटिस देकर कार्यमुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजना की वास्तविक सफलता जमीनी स्तर की आशा बहुओं पर निर्भर करती है, इसलिए उनकी जवाबदेही स्पष्ट होनी चाहिए।
बैठक में आयुष्मान कार्ड एवं गोल्डन कार्ड अभियान की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए सीडीओ ने एमओआईसी को निर्देशित किया कि विशेष अभियान चलाकर 100% लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि पीएचसी/सीएचसी पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता और चिकित्सीय भवनों की स्थिति में सुधार को प्राथमिकता दी जाए।
सीडीओ ने VHSND सत्रों के निरीक्षण को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बच्चे टीकाकरण से छूटे हैं, वहाँ विशेष जागरूकता अभियान चलाकर पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ई-संजीवनी, ई-कवच, मंत्रा पोर्टल और आधार प्रमाणीकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट, सिटीस्कैन, डायलिसिस सेवाओं, 102/108 एंबुलेंस, एएलएस वाहन तथा जेई/ईएस, चिकनगुनिया, मलेरिया, कालाजार सहित पुरुष/महिला नसबंदी कार्यक्रमों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीडीओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध और प्रभावी रूप से जनता तक पहुँचें, यह सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज आर.के. शाही, मेडिकल अधीक्षक, एडिशनल सीएमओ, सभी एमओआईसी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



