
27 नवम्बर — विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर। जिले के किसानों के लिए सरकार ने एक और सुनहरा अवसर प्रदान किया है। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम–कुसुम) योजना वर्ष 2025–26 के अंतर्गत सोलर पंपों की ऑनलाइन बुकिंग 26 नवम्बर से शुरू हो चुकी है। यह जानकारी उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने देते हुए बताया कि किसान 15 दिसम्बर 2025 तक दोपहर 3 बजे तक आवेदन कर इस लाभकारी योजना का हिस्सा बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की सिंचाई लागत को कम करना, ऊर्जा के वैकल्पिक स्वच्छ स्रोत उपलब्ध कराना और कृषि उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में विभिन्न क्षमता के सोलर पंपों पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 75 प्रतिशत तक का भारी अनुदान प्रदान कर रही हैं। किसानों को केवल टोकन मनी और निर्धारित किसान अंश का भुगतान करना होगा।
सोलर पंपों पर अनुदान व किसान अंश (मुख्य बिंदु):
2 HP DC/AC पंप – लगभग ₹98,593 का कुल अनुदान, किसान अंश ₹60,729
3 HP पंप – लगभग ₹1,33,261 कुल अनुदान, किसान अंश ₹84,080
5 HP पंप – लगभग ₹1,88,038 अनुदान, किसान अंश ₹1,20,359
7.5 HP व 10 HP पंप – लगभग ₹2,54,983 तक अनुदान, किसान अंश ₹1,64,989 से ₹2,73,627
उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर पंजीकरण के बाद ही प्राप्त होगा। आवेदन करने के लिए किसान को “अनुदान पर सोलर पंप हेतु बुकिंग करें” लिंक पर क्लिक करना होगा और ₹5,000 टोकन मनी ऑनलाइन जमा करनी होगी। पंप आवंटन होने पर शेष राशि किसान को आदेश प्राप्ति के 15 दिनों के भीतर जमा करनी अनिवार्य है।
कृषि विभाग का कहना है कि 02 HP से 10 HP तक के सोलर पंप ग्रामीण एवं सिंचाई उपयोग के लिए उपलब्ध हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक बिजली तथा डीज़ल पर निर्भरता कम करना, सिंचाई को सुलभ बनाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
विभाग ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे इस अवसर को न चूकें और अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर योजना का लाभ उठाएँ, ताकि खेतों को मिले निर्बाध सिंचाई और गांवों में बढ़े हरियाली और समृद्धि की राह।
