
03 दिसंबर — विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच–28 पर पकवा इनार कुशीनगर चौराहे के समीप बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। चंद सेकेंड में हुई यह टक्कर ऐसी थी कि सड़क पर अफरातफरी, चीख–पुकार और टूटे वाहनों के मलबे के अलावा कुछ नहीं दिख रहा था। तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
सूचना मिलते ही कुशीनगर चौकी पुलिस मौके पर दौड़ी और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कसया भेजवाया। वहीं मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की भयावहता का आलम यह था कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और लोग मलबे में फंस गए, जिन्हें पुलिस और राहगीरों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार दोपहर कसया से गोरखपुर की ओर जा रहा एक ट्राला ट्रक पकवा इनार चौराहे के पास स्थित एनएच–28 के कट पर पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार में ट्राला डिवाइडर पर चढ़ते हुए सीधे दूसरी लेन में घुस गया। इससे गोरखपुर की ओर से आ रहे डाला ट्रक, ट्रैक्टर–ट्रॉली, ई-रिक्शा, बाइक और एक साइकिल एक–दूसरे में भिड़ते चले गए।
धड़ाधड़ टक्करें इतनी भीषण थीं कि ई-रिक्शा व बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे, साइकिल सवार मौके पर ही दम तोड़ बैठा। कई यात्री अपने वाहनों में फंस गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में कुल नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरे को सीएचसी कसया पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल की मौत जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई।
घायलों की हालत नाजुक — मेडिकल कॉलेज रेफर
सीएचसी कसया में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी आठ घायलों को उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। घायलों में कुछ की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
अधिकारियों में हड़कंप — मौके पर पहुंचे एसडीएम
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी कसया संतराज सिंह बघेल तुरंत सीएचसी कसया पहुंचे। उन्होंने मृतकों की पहचान, घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
एनएच–28 पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत का भयावह संदेश दे दिया है। इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
