
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से अमित कुमार कुशवाहा की खास रिपोर्ट
कुशीनगर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के सरिया खुर्द गांव में इस समय चारों ओर आस्था, श्रद्धा और उत्साह की एक अलग ही छटा बिखरी हुई है। ग्रामवासियों के सहयोग और श्रद्धालुओं की भागीदारी से चल रहे माँ चंडी यज्ञ में शुक्रवार को आयोजित भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।
यज्ञ स्थल से निकलकर गांव की गलियों, मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुज़री इस कलश यात्रा में 551 सुशोभित कन्याओं ने भाग लेकर अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक परिधानों से सजी कन्याओं के हाथों में कलश और सिर पर सामूहिक कदमताल… यह नज़ारा देखकर क्षेत्र का हर व्यक्ति भक्ति में डूब गया। शंख, घंटा, ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं का यह दिव्य आयोजन मानो पूरे गांव में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा था।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि पूरी कलश यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में दीवानी चौकी प्रभारी अवनीश सिंह की भूमिका सराहनीय रही। उनकी देखरेख में पुलिस टीम लगातार कलश यात्रा के साथ बनी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक पूर्ण कराया गया। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की जमकर प्रशंसा की और कहा कि पुलिस की तत्परता ने कार्यक्रम की गरिमा और भव्यता में चार चांद लगा दिए।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई। इस विशाल आयोजन ने सरिया खुर्द को आध्यात्मिक माहौल का केंद्र बना दिया है।
यज्ञ आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम गांव की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना से आयोजित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में हवन, कथा, कीर्तन और भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
माँ चंडी यज्ञ की यह कलश यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और एकता का भव्य प्रतीक बनकर सामने आई है।










