
05 दिसंबर, कुशीनगर / विलेज फास्ट टाइम्स
कुशीनगर जनपद में विकास योजनाओं की रफ्तार और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में चार महत्वपूर्ण समितियों—जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीडीओ ने विभागीय कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की और कई विभागों को कड़ी फटकार भी लगाई।
सीडीओ ने बताया कि वृक्षारोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत 09 जुलाई 2025 को जनपदभर में एक ही दिन 39,72,500 पौधों का रिकॉर्डतोड़ रोपण किया गया था। इसमें वन विभाग द्वारा 10,49,600 पौधे तथा अन्य 23 विभागों द्वारा 29,22,900 पौधे लगाए गए थे। रोपे गए पौधों की सुरक्षा, वृद्धि, जीवितता और जियोटैगिंग की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति बैठक में दी गई।
समीक्षा में यह सामने आया कि गृह, राजस्व, ऊर्जा एवं लोक निर्माण विभाग अब तक अपने हिस्से की जियोटैगिंग पूरी नहीं कर सके हैं। इस पर गहरी नाराज़गी जताते हुए सीडीओ ने संबंधित विभागों को सात दिवस की कड़ी समय-सीमा देकर शत-प्रतिशत जियोटैगिंग पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता का आकलन तभी संभव है जब प्रत्येक पौधे की जियोटैगिंग समय से पूरी हो। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इसके अतिरिक्त बैठक में पर्यावरण, गंगा संरक्षण और आर्द्रभूमि प्रबंधन से जुड़े कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। इसमें गंगा ग्राम सेवा समिति का गठन, वेटलैंड चिन्हांकन, ग्रीन चौपाल संचालन, जैव विविधता समिति का गठन तथा जैव विविधता रजिस्टर की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि ये सभी कार्य प्राथमिकता पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएँ, ताकि जनपद पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
(विलेज फास्ट टाइम्स—ग्रामीण आवाज़, आपकी आवाज़)



