
09 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर। राज्य सरकार द्वारा पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रम के तहत जनपद कुशीनगर में 17 दिसंबर 2025 को भव्य स्तर पर पेंशनर दिवस आयोजित किया जा रहा है। पूर्वाह्न 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर करेंगे।
जानकारी के अनुसार, पेंशनर दिवस का उद्देश्य जिले के उन सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एक ही मंच पर न्याय उपलब्ध कराना है, जो वर्षों से पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, भुगतान, कटौती या अन्य तकनीकी समस्याओं से जूझ रहे हैं। शासन ने विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी पेंशनर को अपनी समस्या के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सभी अधिकारी खुद पेंशनरों के पास पहुँचें।
डीएम तंवर के निर्देश पर वित्त, लेखा, कोषागार, कार्मिक तथा सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को कार्यक्रम में अनिवार्य उपस्थिति के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी पेंशनर की समस्या बिना समाधान के वापस न जाए। उम्मीद जताई जा रही है कि कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रहेगी और प्रत्येक शिकायत का उसी समय समाधान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि “पेंशनर दिवस, हमारे वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान का दिवस है। सरकार की मंशा है कि पेंशनरों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े। इसी उद्देश्य से उनके लिए यह विशेष मंच तैयार किया गया है।”
उन्होंने समस्त पेंशनरों से अपील की है कि वे 17 दिसंबर को समय से पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका त्वरित और संतोषजनक निस्तारण किया जा सके।
कलेक्ट्रेट में होने वाला यह आयोजन पेंशनरों के लिए उम्मीद की नई किरण माना जा रहा है, जहां प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ उनकी आवाज सुनने और समाधान देने के लिए तैयार है। कुशीनगर में पहली बार इस तरह की व्यापक और संवेदनशील पहल से पेंशनरों में उत्साह देखा जा रहा है।
