
दुदही कुशीनगर। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत के वार्ड एक स्थित श्री सीताराम हायर सेकेंडरी स्कूल में नवरात्रि के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के रूप में मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारी प्रो. सुशील दत्त शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि उर्वशी शर्मा, विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट जयप्रकाश चौरसिया, प्राचार्या गीता चौरसिया सहित कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। उप प्रधानाचार्य तिरिश कुमार पाठक और आयोजक उत्कर्ष चौरसिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद बच्चों ने नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामायण आधारित नाट्य मंचन में बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभाई, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों से सराहा।
मुख्य अतिथि ने मंच से बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
