
जनपद कुशीनगर के थाना विशुनपुरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सभा कुबेरा भुआल पट्टी में दिनांक 20 सितम्बर 2025 को दो पक्षों के बीच आपसी विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पक्ष के रितेश मद्धेशिया और उनके पिता रामाशंकर मद्धेशिया, निवासी कुबेरा भुआल पट्टी, थाना विशुनपुरा, तथा द्वितीय पक्ष के अखरू जमां उर्फ असलम पुत्र इनायत अंसारी और इनायत अंसारी पुत्र सादिक अंसारी, निवासी उसी ग्राम के बीच रास्ते से आने-जाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। मामूली विवाद धीरे-धीरे गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों ने थाना विशुनपुरा पुलिस को लिखित तहरीर दी। प्रथम पक्ष के रमाशंकर पुत्र बंधु द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 327/2025 दर्ज किया गया है, वहीं द्वितीय पक्ष के इनायत अंसारी पुत्र सदीक अंसारी के प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 328/2025 पंजीकृत किया गया। पुलिस द्वारा दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि –
“दोनों पक्षों की ओर से रास्ते से गुजरने के विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत कर लिए गए हैं। पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से कायम है। पुलिस सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।”
