
कुशीनगर। थाना तुर्कपट्टी पुलिस ने सोशल मीडिया पर गणमान्य व्यक्ति के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में की गई सख्त पहल मानी जा रही है।
मामले के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए गणमान्य व्यक्ति पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-280/2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
शांति व्यवस्था और साइबर अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत थाना तुर्कपट्टी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त आस मुहम्मद पुत्र मुरतुजा अंसारी, निवासी ग्राम नौतन हर्दो टोला मुसहरी, थाना तुर्कपट्टी, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है और सोशल मीडिया पर नफरत या अभद्र भाषा फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से पोस्ट करें और किसी भी तरह की भ्रामक या अभद्र टिप्पणी से बचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कानून अपने आप सक्रिय होगा और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
