
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | 13 जनवरी
जनपद कुशीनगर में आधार संतृप्तिकरण की धीमी रफ्तार पर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए, जिन्होंने सिस्टम की सुस्ती को उजागर कर दिया। बैठक का संचालन यूआईडीएआई प्रतिनिधि छत्रपाल सिंह ने किया।
बैठक में बताया गया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार संतृप्तिकरण मात्र 12 प्रतिशत है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में कैंप मोड में मशीनें लगाकर अधिकतम नामांकन सुनिश्चित कराएं। वहीं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के प्रबंधक को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार नामांकन हर हाल में कराने का आदेश दिया गया।
यूआईडीएआई प्रतिनिधि ने बताया कि जिले में विभिन्न रजिस्ट्रारों की 266 किट सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से दिसंबर 2025 में 5,564 नए आधार नामांकन और 48,593 आधार अद्यतन किए गए। इसके बावजूद लक्ष्य से दूरी बनी हुई है। इसे गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, डाक अधीक्षक एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक को निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्रति किट औसत कार्य बढ़ाया जाए, ताकि जिले का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण शीघ्र संभव हो सके।
बैठक में यह भी खुलासा हुआ कि जिले में 1,83,152 बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमवीयू) लंबित हैं। इस पर निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में विशेष कैंप लगाकर इन सभी लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित किया जाए।
जिला प्रबंधक सीएससी गौरव पाण्डेय को आदेशित किया गया कि प्रत्येक विकास खंड में आधार सेवा केंद्र खोले जाएं तथा 10 वर्ष पुराने आधार वाले नागरिकों को जागरूक करने हेतु बैनर लगाकर आईडी प्रूफ, पता एवं मोबाइल नंबर अपडेट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं से वंचित न होना पड़े।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्रवण सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार, बीएसए राम जियावन मौर्य सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब आधार संतृप्तिकरण में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






