

17 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में माह दिसम्बर 2025 का किसान दिवस कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में गरिमामय एवं प्रभावशाली ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं, सुझावों एवं कृषि से जुड़ी जमीनी हकीकत पर गहन मंथन हुआ। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों की शिकायतों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पूर्व किसान दिवस में प्राप्त 08 शिकायतों के निस्तारण की आख्या उप कृषि निदेशक द्वारा प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने स्वयं सभी शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद कर निस्तारण की स्थिति जानी। किसानों ने प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे संवेदनशील और प्रभावी पहल बताया।
किसानों ने कोऑपरेटिव समितियों में नए सदस्यता शुल्क ₹226/- जमा होने के बावजूद पासबुक में अंकन न होने की शिकायत उठाई। इस पर ए.आर. कोऑपरेटिव ने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित कृषकों को सदस्यता शुल्क का प्रमाण-पत्र तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषकों ने किसान दिवस को और अधिक उपयोगी बनाने हेतु वैज्ञानिक पद्धति से खेती, नवीन तकनीक, उन्नत बीज, फसल सुरक्षा एवं आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी दिए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने सभी कृषि व सहयोगी विभागों को निर्देश दिए कि वे आगामी किसान दिवस में 15-15 मिनट की पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से किसानों को व्यावहारिक एवं लाभकारी जानकारी दें।
गन्ना तौल केंद्रों पर वजन में गड़बड़ी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को तीन दिवस में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं घने कोहरे में गन्ना लदे वाहनों से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए किसानों से रिफ्लेक्टर टेप अनिवार्य रूप से लगवाने की अपील की तथा सभी गन्ना वाहनों पर इसे सुनिश्चित कराने का आदेश दिया।
इसके अतिरिक्त सीमा विस्तार वाली नगर पंचायतों में चकरोड भराई, जनपद में ट्यूबवेल वर्कशॉप स्थापना, तथा अन्य बुनियादी समस्याओं पर भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे। किसान दिवस प्रशासन और किसानों के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का सशक्त मंच बनकर उभरा।
