
19 दिसम्बर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में पड़ रही भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद नजर आ रहा है। ठंड से बेहाल गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को राहत दिलाने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर स्वयं सड़कों पर उतरे और पडरौना नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों एवं अलाव स्थलों का स्थलीय और गहन निरीक्षण किया। डीएम के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में भी हलचल देखी गई और साफ संदेश गया कि ठंड के नाम पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने रुकने, सोने, पेयजल, प्रकाश एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रैन बसेरे सिर्फ कागजी न बनें, बल्कि ठंड से राहत देने वाले सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में कार्य करें। डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी जरूरतमंद को खुले आसमान के नीचे ठंड झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
इसके बाद जिलाधिकारी रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक एवं तिलक चौक पडरौना पहुंचे, जहां अलाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। मौके पर ठंड से ठिठुर रहे असहाय, गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोगों को जिलाधिकारी ने स्वयं कंबल वितरित कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देश दिए कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और ईंधन की कमी किसी भी हाल में न होने पाए।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ठंड के मौसम में जनपद का कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था लगातार प्रभावी ढंग से संचालित की जाए और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पडरौना, खंड विकास अधिकारी पडरौना, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका पडरौना सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम के सख्त, संवेदनशील और जमीनी रुख से यह स्पष्ट है कि कुशीनगर प्रशासन शीतलहर से निपटने के लिए पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।







