
जन-धन की सुरक्षा सर्वोपरि, जिलाधिकारी ने दिए कड़े और स्पष्ट निर्देश
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | 15 दिसम्बर
कुशीनगर में संभावित शीतलहर, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर ने साफ शब्दों में निर्देश दिया है कि ठंड से निपटने में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं, स्वास्थ्य संकट, पशुहानि और आम जनजीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से निपटने के लिए सभी विभागों को एकजुट होकर मैदान में उतरने का आदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़कों की मरम्मत, गड्ढा मुक्त अभियान, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, संकेतक बोर्ड, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और स्ट्रीट लाइट्स को हर हाल में दुरुस्त किया जाए। ब्लैक स्पॉट्स, मोड़, चौराहों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रहे। नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और जिला पंचायत को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
घने कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ‘स्लो स्पीड’, ‘हेडलाइट ऑन’ जैसे चेतावनी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करेंगे ताकि एक भी जान जोखिम में न पड़े।
ठंड से सबसे अधिक प्रभावित असहाय, निराश्रित और गरीब तबके के लिए अलाव जलाने, कंबल वितरण और रैन बसेरों को 24×7 पूरी सुविधाओं के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सभी पीएचसी व सीएचसी पर दवाइयों, डॉक्टरों और आपात सेवाओं की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अग्निकांड की बढ़ती आशंका को देखते हुए हीटर, अंगीठी और कोयले के सुरक्षित उपयोग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने का आदेश है।
पशुपालकों के लिए भी राहत है—पशु चिकित्सालयों में दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण और पशु शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं कृषि विभाग किसानों को मौसम आधारित फसल परामर्श जारी करेगा।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा है कि आपदा से पहले तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हर व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेगा। कुशीनगर प्रशासन का संदेश साफ है—ठंड से जंग में कोई कोताही नहीं, जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
