
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 13 दिसम्बर 2025
कुशीनगर जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर के स्पष्ट और कड़े निर्देशों के क्रम में शनिवार को जनपद के समस्त थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में थाना तमकुहीराज पर आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने स्वयं उपस्थित रहकर जनसुनवाई की और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई के दौरान एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि शिकायतों को हल्के में लेने की पुरानी कार्यशैली अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना स्तर पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का शत-प्रतिशत निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पीड़ित जनता के न्याय का सीधा मंच है। यदि किसी प्रकरण का निस्तारण थाना स्तर से संभव नहीं है तो उस पर स्पष्ट, तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को तत्काल प्रेषित किया जाए, ताकि मामले को लटकाने की प्रवृत्ति पर रोक लग सके।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, अवैध कब्जा, पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें तथा राजस्व संबंधी मामले सामने आए। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर त्वरित समाधान कराया गया, वहीं कुछ जटिल मामलों में समय-सीमा तय कर रिपोर्ट मांगी गई।
एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को दो टूक शब्दों में कहा कि फरियादी को थाना परिसर में भटकाना प्रशासन की विफलता मानी जाएगी। जनता का विश्वास कायम रखना हर अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने सर्किल के थानों पर समाधान दिवस आयोजित कर जनता की समस्याओं को सुना गया और कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
थाना समाधान दिवस में प्रशासन के सख्त रुख से फरियादियों में संतोष देखने को मिला, वहीं लापरवाह अधिकारियों के लिए यह संदेश साफ रहा कि अब शिकायतों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई तय है।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
