

खड्डा/कुशीनगर, 15 मार्च | विलेज फास्ट टाइम्स | विशेष संवाददाता
जनपद कुशीनगर में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० चन्द्र प्रकाश ने खड्डा तहसील क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों पर अचानक प्रशासनिक “नजर” डाल दी। औचक निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी सख्त तेवर में दिखाई दिया।
निरीक्षण के क्रम में नेबुआ नौरंगिया विकास खंड में संचालित जीवन ज्योति हॉस्पिटल, अपना हॉस्पिटल और सेवा हॉस्पिटल की गहन जांच की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पतालों में मौजूद चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की वास्तविक उपस्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, वार्डों की स्थिति तथा ऑपरेशन थिएटर (ओ०टी०) की साफ-सफाई और रखरखाव का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ जगहों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ अस्पतालों में लापरवाही की झलक साफ दिखाई दी।
इसके बाद खड्डा ब्लॉक में संचालित मेडिसिटी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की मौजूदगी, मेडिकल स्टोर के संचालन, भर्ती मरीजों की स्थिति तथा ओ०टी० की साफ-सफाई और अस्पताल की समग्र व्यवस्था का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिन अस्पतालों में पंजीकृत चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ अनुपस्थित पाए गए, उनके खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया। साथ ही संबंधित ब्लॉक के अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि अस्पतालों में नामित चिकित्सकों और स्टाफ की उपस्थिति का समय-समय पर भौतिक सत्यापन करें और इसकी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० चन्द्र प्रकाश ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी निजी अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक बार-बार अनुपस्थित पाए जाते हैं तो जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ऐसे अस्पतालों का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा और संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों में हलचल मच गई है। जानकारों का कहना है कि यदि ऐसे औचक निरीक्षण नियमित रूप से होते रहे तो स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रही “कागजी व्यवस्था” पर निश्चित ही लगाम लगेगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।






