
आम से लेकर अफसर तक परेशान, बारिश ने तहसीलदार आवास को बनाया जलमग्न”
तमकुहीराज/ यूपी के कुशीनगर जनपद में लगातार हो रही बारिश ने नगर और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में जलभराव की समस्या खड़ी कर दी है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि तमकुहीराज तहसीलदार आवास का पूरा परिसर बारिश के पानी से जलमग्न हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों का सरकारी आवास यदि जलभराव की चपेट में आ रहा है, तो आम जनता की परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के बाद परिसर में जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण पानी जमा हो गया। आवास के चारों तरफ गंदा पानी भर जाने से कर्मचारियों और आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में घुटनों तक पानी जमा होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तमकुहीराज क्षेत्र में नालियों की सफाई और जलनिकासी के उचित इंतज़ाम समय रहते नहीं किए गए, जिसका नतीजा यह है कि आज तहसीलदार आवास तक जलभराव की स्थिति बनी हुई है। आम नागरिकों का आरोप है कि जब अधिकारियों के आवास की ऐसी हालत है तो गांवों और मोहल्लों में रहने वाले लोगों की तकलीफों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नगर क्षेत्र की नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था पर तत्काल ध्यान दिया जाए, ताकि बारिश से होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। वहीं, यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरियों और लापरवाही की ओर भी साफ इशारा करती है। यह मामला केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि कुप्रबंधन का भी प्रतीक बनकर सामने आया है।


