

05 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कुशीनगर में प्रस्तावित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री संजीव कुमार त्यागी की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण बैठक जनपद न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में शिविर के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिये गये।
बैठक की जानकारी देते हुए प्रभात सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को दीवानी न्यायालय परिसर, कुशीनगर में आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर को जनकल्याण का सशक्त माध्यम बनाया जाएगा। बैठक में नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट नं-1) इफराक अहमद, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रेम कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, डा० आर०डी० कुशवाहा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यह शिविर केवल औपचारिकता न होकर धरातल पर वास्तविक लाभ पहुंचाने वाला अभियान बने। बताया गया कि मेगा शिविर में जनपद के लगभग 44 विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी, जिनमें समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांग सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, पंचायतीराज, बैंकिंग, विद्युत, राजस्व, आवास, नगर विकास, युवा कल्याण, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग सहित अन्य विभाग शामिल होंगे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य निर्बल वर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सीधे लाभान्वित करना है। इसके लिए मेगा शिविर से पूर्व लघु शिविरों के आयोजन के निर्देश दिये गये हैं, जिनमें विभाग योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लाभार्थियों का चिन्हांकन करेंगे।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी विभाग विशेषज्ञ अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करें तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकतम पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक का समापन प्रशासनिक दृढ़ता और जवाबदेही के संदेश के साथ हुआ, जिससे स्पष्ट है कि 22 फरवरी का मेगा शिविर जनपद में सुशासन और सामाजिक न्याय का मजबूत उदाहरण बनेगा।
