
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर – विशेष रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बड़हरा बुजुर्ग गांव में रहने वाले फूनी पुत्र अलगू ने एक मामूली सी सड़क दुर्घटना को बड़ा विवाद बनाए जाने और जाति सूचक गाली-गलौज व मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाना विशुनपुरा में तहरीर दी है। पीड़ित के अनुसार, वे बुधवार की शाम बाजार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में दुदही नगर पंचायत क्षेत्र के बांसगांव खाखड़ टोला, हाई स्कूल के पीछे रहने वाली मीना देवी पत्नी महातम रौनियार की अंगुली उनकी बाइक से हल्की सी छू गई।
पीड़ित फूनी का कहना है कि यह एक बेहद मामूली घटना थी, जो सामान्य बातचीत में सुलझ सकती थी, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, मीना देवी के घर के लोग आक्रोशित होकर उनके ऊपर टूट पड़े। आरोप के अनुसार, रंजीत रौनियार तथा प्रदीप रौनियार पुत्रगण महातम रौनियार के साथ ही मीना देवी ने मिलकर अचानक उन पर मुक्का, लात और घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी तेज हुई कि फूनी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना स्थल पर मौजूद विजय वर्मा ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित को हमलावरों के चंगुल से बाहर निकाला, जिसके बाद पीड़ित ने खुद को सुरक्षित महसूस किया।
पीड़ित का दावा है कि मारपीट के दौरान न केवल उन्हें शारीरिक रूप से चोट पहुंचाई गई, बल्कि जाति सूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर उनकी गरिमा को भी ठेस पहुंचाई गई। वह मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं और इस पूरे प्रकरण को मानव मर्यादा के खिलाफ बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित की तहरीर मिलते ही विशुनपुरा पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। ग्राम वासियों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पीड़ित का कहना है कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद पुलिस प्रशासन से ही है।
विलेज फास्ट टाइम्स की टीम इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आगे आने वाली हर अपडेट पाठकों तक पहुंचाई जाएगी।


