
21 जनवरी, विलेज फास्ट टाइम्स — कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 23 जनवरी 2026 को प्रातः 06:00 बजे से 06:45 बजे तक एयर रेड एवं सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि यह अभ्यास पडरौना के प्रमुख ब्लैक आउट स्थलों—सुभाष चौक तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम डिपो (छावनी) में संपन्न होगा।
मॉक ड्रिल के दौरान युद्धकालीन परिस्थितियों में हवाई हमले की चेतावनी, सायरन बजाकर ब्लैक आउट व्यवस्था, नागरिकों की सुरक्षित निकासी, अग्निशमन, मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू, घायलों का प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य नागरिकों को आपदा एवं युद्ध जैसी विषम परिस्थितियों में सुरक्षित रहने हेतु प्रशिक्षित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है।
इस व्यापक अभ्यास में पुलिस, राजस्व, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन, नगर निकाय, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड, सिविल डिफेन्स, सूचना विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित सभी संबंधित विभाग सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सायरन की आवाज के साथ ही नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना, रोशनी बंद करना, आग बुझाने के तरीके, घायलों को स्ट्रेचर पर लाना, प्राथमिक उपचार देना और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की पूरी श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह एक अभ्यास मात्र है। मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें। नागरिकों से अपील है कि वे इसे गंभीरता से लें, निर्देशों का पालन करें और प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों को पूरा सहयोग दें। अभ्यास के अंत में सायरन/घोषणा के माध्यम से ड्रिल समाप्त होने की सूचना दी जाएगी।
यह मॉक ड्रिल न केवल प्रशासनिक तैयारियों की कसौटी होगी, बल्कि आमजन को यह संदेश भी देगी कि संकट की घड़ी में सतर्कता, अनुशासन और सहयोग ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।

