
विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर
दिनांक- 06.12.2025
कुशीनगर। जनपद के पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने बीती देर रात दिनांक 05/06.12.2025 की मध्य रात्रि में थाना चौराखास क्षेत्रान्तर्गत बनकटा चौकी बैरियर पर अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। एसपी का काफिला जैसे ही बैरियर पर रूका, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से लेकर राहगीरों तक में हलचल तेज हो गई।
महोदय ने सबसे पहले बैरियर पर तैनात पुलिस टीम की हाज़िरी, ड्यूटी चार्ट एवं जांच व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। रात में आने-जाने वाले वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रात्रि का सन्नाटा अपराधियों के लिए नहीं, कानून की पकड़ कड़ी करने के लिए होता है।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बैरियर की चुनौतियों, अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही कार्यप्रणाली एवं क्षेत्र के अपराधों के पैटर्न पर विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान महोदय ने विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों की सघन जांच, बिना कागज़ात वाले वाहनों पर कार्रवाई, नशा तस्करी, चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रवैया अपनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि रात्रि ड्यूटी को औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे जन सुरक्षा की सबसे संवेदनशील जिम्मेदारी मानते हुए पूरी तत्परता से निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एसपी के इस आकस्मिक निरीक्षण से जहां पुलिस महकमे में अनुशासन और सजगता का संदेश गया, वहीं अपराधियों के लिए यह साफ संकेत है कि कुशीनगर पुलिस हर वक्त, हर मोड़ पर सक्रिय है और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।





